22 October 2015

लडभड़ोल क्षेत्र के एक गांव में मनरेगा मजदूरों पर रगडों का हमला, 15 घायल, कुत्ते की भी मौत

लडभड़ोल : उपमंडल की लडभड़ोल तहसील के कोलंग गांव में रंगड़ों के हमले से करीब 15 लोग जख्मी हो गए, जिनमें से 7 महिलाओं व 1 पुरुष को जोगिंद्रनगर के सिविल अस्पताल में लाया गया है। जबकि कुछ लोगों ने गांव में ही उपचार करवाया है।

रंगड़ों के काटने से एक पालतू कुत्ते की मौत हो जाने की भी सूचना प्राप्त हुई है। कहा गया कि कोलंग गांव में मनरेगा के तहत एक रास्ते का निर्माण चल रहा है और महिलाएं उसमें मजदूरी कर रही थीं। दोपहर के समय रंगड़ों के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे लाख बचाव के बावजूद वह जख्मी हो गईं।

महिलाओं के लिए घर से रोटी लेकर वहां आए एक बुजुर्ग तेजमल को भी रंगड़ों ने जख्मी कर दिया, जिनकी हालत गंभीर बताई जाती है। सभी जख्मी लोग कोलंग गांव के ही निवासी बताए जाते हैं और कोलंग पंचायत के प्रधान देशराज ने वारदात की पुष्टि की है।

जोगिंद्रनगर के सिविल अस्पताल में लाई गई घायल महिलाओं में कौशल्या देवी, शीला देवी, बबिता देवी, शीला देवी, ज्ञानी देवी, संतोषी देवी व जुद्धया देवी शामिल हैं, जबकि घायल बुजुर्ग तेजमल को भी अस्पताल में पहुंचाया गया है। एक व्यक्ति शेर सिंह को भी रंगड़ों द्वारा काटे जाने की सूचना है। घटना से गांव व आसपास दहशत का माहौल देखा जा रहा है।





loading...
Post a Comment Using Facebook