
लडभड़ोल : जोगिंद्रनगर व लडभड़ोल में हुड़दंग मचाने वालों की अब खैर नहीं है। डीएसपी अनिल डोल्टा ने जोगिंद्रनगर उपमंडल की बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारने का जिम्मा स्वयं संभाल लिया है। शनिवार देर शाम उन्होंने जोगेंद्रनगर पुलिस थाने में दस्तक देकर पुलिस के साथ शहर के विभिन्न स्थानों पर छापामारी कर नशेड़ियों को शहर से खदेड़ा।
डीएसपी ने लडभड़ोल, बस्सी, घट्टा की तीनों पुलिस चौकियों में अलर्ट जारी कर क्षेत्र में नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। रविवार को भी उपमंडल की तीनों पुलिस चौकियों में उन्होंने हालात का जायजा लिया। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़कों के नजदीक स्थापित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला।
डीएसपी अनिल ने कहा कि जल्द शरारती तत्वों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। प्रांरभिक जांच में पुलिस को चार स्थानीय युवकों के इसमें शामिल होने के सुराग मिले हैं। इन युवकों ने चौंतड़ा पंचायत की त्रामट, चौकी गांव से पहले एक घर के शीशे तोड़कर सड़क किनारे खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया था। पुलिस जांच में शरारती तत्वों की ओर से एक गाड़ी के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
यह है मामला
कुछ दिन से जोगिंद्रनगर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की ओर से सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ने लगा है। वहीं, निजी स्कूल बसों को भी शरारती तत्वों की ओर से निशाना बनाया गया था। लोगों ने समस्या को स्थानीय विधायक गुलाब सिंह ठाकुर के समक्ष लाया था। इस पर विधायक गुलाब सिंह ने पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार को शरारती तत्वों पर शिकंजा कसने को कहा था। पुलिस महानिरीक्षक ने शनिवार को मंडी जोन के आइजी को सख्त कदम उठाने के आदेश दिए थे। आइजी ने पद्धर के डीएसपी अनिल को जोगेंद्रनगर पुलिस थाने में तैनात किया है।
स्थानीय विधायक ठाकुर गुलाब सिंह ने बताया की शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर पुलिस महानिरीक्षक को हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया था। मंडी जोन के आइजी के आदेश के बाद पद्धर के डीएसपी अनिल डोल्टा की तैनाती जोगेंद्रनगर थाने में की गई है। क्षेत्र में अब हालात सुधरने लगे हैं। पुलिस को जल्द शरारती तत्वों को गिरफ्तार करना चाहिए।
वहीं डीएसपी अनिल ने कहा कि शहर में हुड़दंग मचाने वाले कुछ शरारती तत्व पुलिस के राडार पर आ चुके हैं। इनके द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहन की पुलिस ने पहचान कर ली है। शहर की सड़कों के नजदीक स्थापित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस जल्द असामाजिक तत्वों को सलाखों के पीछे धकेलेगी।
Post a Comment Using Facebook