22 October 2015

पुरे भारत को स्वच्छता का पाठ पढ़ाएगी खद्दर की कांता देवी, जानिये कौन है कांता ?

लडभड़ोल : कल्पना चावला, सुनीता विल्यिमस, सानिया नेहवाल या फिर सानिया मिर्जा जैसे कई नाम हैं जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्र में नाम कमाया है। इन्हें आदर्श मानकर आजकल की लड़कियां अपने दम पर नाम कमाना चाहती हैं। ऐसी ही एक महिला लडभड़ोल तहसील के खद्दर गांव की कांता देवी है जिनमे कुछ हटकर करने का जज्बा था। उन्होंने खद्दर के लोगों को एक भद्दे दाग (अस्वच्छता) के खिलाफ जागरूक किया। कुछ महीने पहले महिला मंडल खद्दर की प्रधान कांता देवी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महात्मा गांधी के मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जा चुका है।

कौन है कांता देवी
कांता देवी लडभड़ोल तहसील के खद्दर पंचायत के नारी शक्ति महिला मंडल की प्रधान है। 35 सदस्यों वाले इस महिला मंडल की सभी सदस्य अन्य पिछड़ा वर्ग व अनुसूचित जाति से संबंध रखती हैं। महिला मंडल ने गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। हर घर में शौचालय का निर्माण, इस्तेमाल व सफाई व्यवस्था, घरों से निकलने वाले तरल व ठोस कचरे का प्रबंधन, स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालयों व पानी की टंकियों की सफाई, हर घर के बाहर पानी निकासी के लिए वाटर चैंबर, साफ व पक्के रास्ते बनवाए। सड़क व रास्तों के किनारे कूड़ादान व स्ट्रीट लाइटें लगवाईं। देखते ही देखते खद्दर गांव आदर्श बन गया और देश के लिए एक उदाहरण पेश किया।

इनके किए प्रयासों की सरहाना इस स्तर पर हुई कि अब वे पूरे देश को जागरूक करेंगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सात व आठ मार्च को गुजरात के गांधीनगर में होने वाले "स्वच्छ शक्ति" कार्यक्रम के लिए प्रशासन की तरफ से कांता देवी का चयन किया गया है। कार्यक्रम केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय करवा रहा है। इसमें विभिन्न राज्यों से करीब छह हजार महिलाएं भाग लेंगी। स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतरीन कार्यो के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित कांता देवी कार्यक्रम के दौरान पुरे देश को स्वच्छता का पाठ पढ़ाएगी। इस कार्यक्रम में कांता देवी के चयन से खद्दर पंचायत में खुशी का माहौल बना हुआ है।





loading...
Post a Comment Using Facebook