
लडभड़ोल : लडभड़ोल के खद्दर गाँव में एक ही रात में पांच घरों में चोरी की कोशिश करने की वारदातें सामने आई है। इन सभी घटनाओं को रविवार रात को ही अंजाम दिया गया है| आशंका जताई जा रही है कि खद्दर में कोई बड़ा चोर गिरोह सक्रिय हो गया है, जिसने एक साथ पांच वारदातों को अंजाम दे डाला।
लडभड़ोल.कॉम वेबसाइट को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहले मामले में चोरों ने रविवार रात को लगभग 2.30 बजे पूर्व सैनिक उधम सिंह के घर में ताले को तोड़कर चोरी करने की कोशिश की। उस समय परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे। चोरों ने ताला तोड़ने से पहले उधम सिंह के कमरे को बाहर से कुण्डी लगाकर बन्द कर दिया था।दूसरे कमरे में सोये हुए उधम राम को कुछ आवाजें सुनाई दी तो वह उठ गए| उन्हें उठता देख चोर भाग खड़े हुए। हालांकि चोर ताला तोड़ने में सफल हो गए थे।
दूसरी वारदात खद्दर निवासी चमेल सिंह के घर में हुई। वहां पर चोर ताला तोड़कर कमरे में दाखिल हो गए थे। चोरों द्वारा कमरे के अंदर स्थित गोदरेज अलमारी को भी तोडा गया तथा बेड के अंदर रखी रजाई की भी तलाशी ली गयी। चोरों ने सारा सामान उथल-पुथल कर दिया था लेकिन उन्हें कुछ नही मिला। हालाँकि कमरे में बीस हज़ार रूपए की नकदी थी जो चोरों की नज़र में नही आयी। वारदात के समय घर में कोई नही था। लोगों को सुबह साढ़े पांच बजे ताला टूटने का पता चला।
तीसरी वारदात खद्दर के जवाहर सिंह के घर में हुई। वहां भी चोर सिर्फ ताला तोड़ने में कामयाब हुए लेकिन सामान तथा अन्य चीज़ों तक नही पहुंच पाए। जवाहर सिंह के घर में भी वारदात के समय कोई भी मौजूद नही था।
चौथी वारदात पिंकी देवी के घर पर हुई। यहाँ पर अभी 2 दिन पहले ही शादी हुई है।चोर ताला तोड़कर कमरे में दाखिल हुए और दीवार में बनी अलमारी को तोड़कर तलाशी ली। पिंकी देवी ने कहा की अभी चोरी का पता नही चल पा रहा है क्योंकि शादी के कारण सामान अव्यवस्थित है।
पांचवी वारदात खद्दर निवासी राणु सकलानी के घर पर हुई। वहां भी चोर ताला तोड़कर कमरे में दाखिल हो गए हालांकि इस दौरान चोर बड़ी नकदी और गहनों पर हाथ साफ नहीं कर पाए। लेकिन चोर कुछ नई पैंट-कमीज़े चोरी करके ले गए। वहां भी वारदात के समय घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नही था। जानकारी के मुताबिक चोर सिर्फ राणु सकलानी के घर से ही चोरी करने में सफल हुए है। बाकी जगह वह सफल नही हो सके।
सभी वारदातों की पुलिस को जानकरी दे दी गयी है। पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सोमवार को पुलिस द्वारा दो बार घटना स्थल का दौरा किया गया है। चोरी की घटनाओं से खद्दर गाँव में दहशत का माहौल है।
नोट : ऊपर दिखाई गयी फोटो घटनास्थल की नही है। खद्दर की कोई फोटो अभी सामने नही आयी है।
Post a Comment Using Facebook