22 October 2015

स्वच्छता के मामले में प्रदेश व जिला मंडी में मिसाल कायम कर रही खद्दर गाँव की महिलाएं

लडभड़ोल : लडभड़ोल तहसील की खद्दर पंचायत उन्नत ग्राम के रूप में विकसित हो रही है। यहां के महिला मंडलों की सदस्य पूरे मंडी जिला के साथ प्रदेश के लिए एक मिसाल कायम कर रही हैं।

पिछले वर्ष 15 अक्टूबर को मंडी में आयोजित महिला जागरूकता सम्मेलन में महिला मंडल खद्दर को पंचायत में बेहतर कार्य करने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने तृतीय पुरस्कार प्रदान किया था। इसके तहत 10 हजार रुपये की राशि महिला मंडल को प्रदान की गई।

महिला मंडल की महिलाओं ने गीत-संगीत व घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के बारे जागरूक किया। महिलाओं के प्रयास से पंचायत को खुला शौचमुक्त घोषित किया जा चुका है। ठोस व तरल कूड़ा-कचरा प्रबंधन के लिए भी कार्य किया गया है। पंचायत के सभी घरों में सोख्ता गड्ढों का निर्माण किया गया है। महिलाएं घरों से निकलने वाले कुछ प्लास्टिक के कचरे तथा कांच की बोतलों को इक्ट्ठा कर बेच देती हैं। इससे होने वाली कमाई को महिला मंडल के खाते में डाला जाता है। ठोस कूड़े-कचरे से महिलाएं कुछ सजावटी सामान भी बना रही हैं।

महिलाओं के प्रयास से पंचायत में पूरी तरह स्वच्छता है। बच्चों से लेकर बुजुर्गो तक कोई भी कूड़ा खुले में नहीं फेंकते हैं। सफाई व अन्य गतिविधियों से संबंधित सभी फोटोग्राफ सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाते हैं। पंचायत में धूमपान पर महिलाओं ने पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। कहीं भी कोई खुले में बीड़ी-सिगरेट का प्रयोग नहीं करता। गांव के सभी प्राकृतिक जलस्रोतों की कुछ दिन बाद सफाई की जाती है तथा उसमें क्लोरीनेशन की जाती है। लिंग अनुपात में सुधार लाने के लिए कन्या के जन्म पर पूरा महिला मंडल ग्राम पंचायत सहित बधाई देने पहुंचता है। महिलाएं नाच-गाकर खुशी का इजहार करती हैं।

नारी शक्ति महिला मंडल की प्रधान कांता देवी का कहना है कि पंचायत को स्वच्छ बनाने के लिए शुरू-शुरू में बहुत परेशानी पेश आई, लेकिन धीरे-धीरे लोगों ने स्वच्छता का मतलब समझा और आज पंचायत उन्नत ग्राम की ओर अग्रसर है। वहीं, महिला मंडल खद्दर की प्रधान माया देवी का कहना है कि पूरी पंचायत में घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया तथा घर-घर जाकर कूड़ादान लगाए।

उपायुक्त मंडी संदीप कदम का कहना है कि ग्राम पंचायत खद्दर के साथ-साथ यहां के युवक मंडल विशेषकर यहां के महिला मंडल बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने पंचायत के लोगों में स्वच्छता का अलख जगाया।

Published by Amit Barwal (ऊटपुर)





loading...
Post a Comment Using Facebook