22 October 2015

74वें जन्मदिन पर पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर का एलान, लड़ूंगा विधानसभा चुनाव

लडभड़ोल : विधानसभा क्षेत्र जोगेंद्रनगर के कदावर नेता पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने 74 साल की आयु में एक बार फिर विधानसभा चुनाव लडऩे का एलान कर दिया है। लडभड़ोल क्षेत्र में 23 करोड़ की लागत से तैयार सांढापतन पुल के निरीक्षण के बाद कार्यकर्ताओं की एक जनसभा में उन्होंने चुनाव लडऩे का एलान किया।

पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर की चुनावी हुंकार से भाजपा के टिकट की दौड़ में नेताओं में खलबली मच गई है। समूचे विधानसभा क्षेत्र में गुलाब सिंह ठाकुर के चुनाव लडऩे के एलान से नए चुनावी समीकरण भी बनते दिख रहे हैं।

रविवार को लडभड़ोल क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि उनके 40 साल के राजनीतिक कार्यकाल में एक समान विकास उनकी प्राथमिकता रही। ब्यास नदी पर 150 मीटर स्पैन सांढापतन पुल की आधारशिला उनके कार्यकाल में रखी गई थी। करीब 23 करोड़ की लागत से निर्मित इस पुल से विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर और जोगेंद्रनगर का सफर सुगम होगा।

इससे पहले पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने 1977 से 2017 तक सत्ता में रहकर विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकासात्मक कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 16 करोड़ की लागत से मिनी सचिवालय, लोक निर्माण विभाग का सर्किल कार्यालय, अस्पताल की बहुमंजिला इमारतें, बीफार्मा राजकीय महाविद्यालय, डोहग में आइटीआइ व भट्टा में राजकीय राजस्व प्रशिक्षण संस्थान उनकी देन रही। वह 2022 में विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। कार्यकर्ताओं के आह्वान पर वह सक्रिय राजनीति में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी हाईकमान उनके टिकट पर अंतिम फैसला लेगी।

पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर के 74वें जन्मदिवस पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने दूरभाष पर बधाई दी। लडभड़ोल क्षेत्र की उटपुर पंचायत में उनके जन्मदिवस पर केक काटा, मिठाई बांटकर खुशी मनाई।

जोगेंद्रनगर के मझारनू में उनके आवास स्थान पर कार्यकर्ताओं ने फूलों के गुलदस्ते व उपहार भेंट कर उनके जन्मदिवस पर दीर्घायु की कामना की। इससे पहले रविवार सुबह करीब नौ बजे पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने परिवार सहित पूजा अर्चना कर जन्मदिवस मनाया।

मंडल भाजपा अध्यक्ष पंकज जम्वाल, महिला मोर्चा की अध्यक्षा मेघना ठाकुर, पूर्व मंडलाध्यक्ष दिलीप सिंह राणा, भाजपा कार्यकर्ता दुनी चंद राठौर, हरी सिंह, अजय ठाकुर, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर सहित प्रदेशभर के भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर को जन्मदिवस पर बधाई दी।





loading...
Post a Comment Using Facebook